NewsPolitics

तेजस्वी पहुंचे गोपालगंज, गृह जिले को दे दी मेडिकल कॉलेज समेत करोड़ों की सौगात

डिप्टी सीएम ने विकास कार्यों के लिए 600 करोड़ का दिया पैकेज

अपने गृह जिले में शनिवार को पहुंचे उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जिलेवासियों को कई सौगातें दीं। उन्होंने विकास कार्यों के लिए जिले को कुल 600 करोड़ का पैकेज दिया। इसमें मुख्य रूप से थावे में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की गई। 

थावे दुर्गा मंदिर के समीप प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि थावे में मेडिकल कॉलेज के निर्माण पर 500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज खुलने से जिले के लोगों को इलाज की सुविधा मिलेगी। छात्रों का डॉक्टर बनने का सपना साकार होगा। जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल को मॉडल अस्पताल बनाने में 35.50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस राशि से मॉडल अस्पताल में 100 बेड, 10 आईसीयू बेड व अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। आनेवाले दो वर्षों में मॉडल अस्पताल को और विकसित किया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने कहा कि सिधवलिया प्रखंड के झझवां में बने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ट्रामा सेंटर का संचालन शुरू किया जाएगा। यहां पर भवन पहले से बनकर तैयार है। ट्रामा सेंटर संचालित होने से एनएच व अन्य मुख्य सड़कों पर दुर्घटना में जख्मी गंभीर मरीजों का उचित इलाज हो सकेगा।

 थावे दुर्गा मंदिर तेजस्वी यादव

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि सूबे के पर्यटन स्थल शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसमें कुल 57 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। थावे में सरकारी स्तर पर दुकानें बनेंगी, पार्किंग, शौचालय,यात्री निवास, विवाह भवन व मेला भवन की व्यवस्था होगी। मंदिर के समीप स्थित दोनों तालाबों का जीर्णोंद्धार व सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मंदिर तक पहुंचने वाली कुल 22 संपर्क पथों का निर्माण कराया जाएगा। यह सड़कें पथ निर्माण विभाग द्वारा बनवायी जाएंगी। जंगल परिसर में इको फ्रेंडली पार्क बनेगा। इसमें बच्चों के खेलने-कूदने और बुजुर्गों के टहलने की व्यवस्था रहेगी।

सबेयां एयरपोर्ट केन्द्र सरकार का मामला

तेजस्वी ने एक प्रश्न का जबाब देते हुए कहा कि सबेयां में एयरपोर्ट बनाना केन्द्र सरकार का काम है। केन्द्र सरकार अगर चाहे तो एयरपोर्ट बनाएं, हमें खुशी होगी। इसमें सूबे की सरकार उनका पूरा सहयोग करेगी। जनता की मांग पर केन्द्र सरकार को ध्यान देना चाहिए। प्रेस वार्ता के बाद उप मुख्यमंत्री मीरगंज में आयोजित एक कार्यक्रम के लिए सड़क मार्ग से रवाना हो गए।

Source

%d bloggers like this: