Mirganj पटाखा बना रही महिला विस्फोट में जख्मी
Mirganj News | मीरगंज में विस्फोट के बाद दहला शहर, आसपास के घरों के टूटे शीशे और दीवार में आई दरार
मीरगंज शहर के पूरब मोहल्ला स्थित ब्रह्म स्थान के समीप एक मकान में सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट हो जाने से पूरा इलाका दहल गया। धमाके में स्व. कलाम मियां की 50 वर्षीया पत्नी शमा खातून झुलस गई। उसका कर्कट का घर चारों ओर दूर-दूर तक बिखर गया।
आसपास के कई घरों के शीशे टूट गए व दीवाल में दरारें आ गईं। बाद में जख्मी महिला को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने चिंताजनक स्थिति में गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। जानकारी मिलने पर मीरगंज थानाध्यक्ष विशाल आनंद मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंच कर घटना की तफ्तीश की। बताया कि सोमवार की दोपहर स्व. कलाम मियां की पत्नी अपने मकान के आगे एक कर्कटनुमा मकान में पटाखा बम बना रही थी। इस बीच अचानक विस्फोट हो गया। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।